ऊना ने हैंडबॉल में शिमला को 11-1 से हराया
हटगढ़ स्कूल में अंडर-14 आयु वर्ग राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। लाल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। स्कूल के प्रधानाचार्य संदीप शर्मा और सहायक निदेशक खेल अजय पांटा ने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 12 जिलों और एक स्पोर्ट्स हॉस्टल के कुल 464 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
राज्य निदेशालय के मीडिया प्रभारी चंचल सिंह ठाकुर ने बताया कि हैंडबॉल के पहले मुकाबले में ऊना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिमला को 11-1 के अंतर से हराया। दूसरा मुकाबला मंडी और सिरमौर के बीच खेला गया। इसमें सिरमौर ने 12-8 के अंतर से मंडी को हराया। वहीं, हॉकी के मुकाबले में हमीरपुर की टीम ने कांगड़ा को 1-0 से पराजित किया। दूसरा मुकाबला सोलन और बिलासपुर के बीच खेला गया जिसमें सोलन ने 5-1 के अंतर से बिलासपुर को हराया।
बास्केटबॉल में सिरमौर की टीम ने शिमला को 34-16 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला किन्नौर और सोलन के बीच खेला गया जिसमें किन्नौर ने 30- 16 के अंतर से सोलन को हराया। इस अवसर पर श्यामलाल, राकेश कुमार, संजीव कौशल, विजय चौधरी, सतीश कुमार, राम सिंह, दुर्गा ठाकुर, अनीता चंदेल, सीमा, बबीता, स्मृति ठाकुर, स्नेहलता, संजीव, दिनेश कुमार और अजय मनकोटिया मौजूद रहे।