मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार रात को उपचार करवाने के लिए आईजीएमसी पहुंचे हैं। इन्हें स्पेशल वार्ड की कमरा नंबर 634 में ले जाया गया है। यहां पर चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री को गैस्ट्रोएंटेराइटिस की शिकायत हुई है। बता दें कि 21 सितंबर को भी मुख्यमंत्री सुक्खू सुबह छह बजे आईजीएमसी शिमला पहुंचे थे। तीन दिन बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दोबारा आईजीएमसी आए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बीते साल अक्तूबर में भी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उस समय सीएम को डॉक्टरों ने पेट का संक्रमण बताया था।
पेट पर हाथ रखे नजर आए सीएम
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मंगलवार रात को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके चलते उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी लाया गया है। मुख्यमंत्री रात पौने नौ बजे के करीब आईजीएमसी पहुंचे। अस्पताल की आपातकालीन गेट पर उतारने के बाद वह लिफ्ट से होते हुए स्पेशल वार्ड पहुंचे। इस दौरान वह पेट पर हाथ रखे हुए नजर आए। उधर, स्पेशल वार्ड में पहुंचने के दौरान गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, श्वास रोग समेत एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टरों की टीम मौके पर मौजूद रही। इस दौरान इन्होंने मुख्यमंत्री को प्राथमिक उपचार दिया। बता दें कि मुख्यमंत्री बीते सप्ताह भी अचानक ही उपचार करवाने के लिए आईजीएमसी पहुंच गए थे। इस दौरान उनके अल्ट्रासाउंड और रूटीन ब्लड टेस्ट लिए गए। जिसकी रिपोर्ट नॉर्मल आई।
स्पेशल वार्ड किया गया तैयार
मुख्यमंत्री सुक्खू के अस्पताल आने की सूचना प्रबंधन को मिल चुकी थी। लिहाजा रात का समय था तो ऐसे में अस्पताल प्रबंधन ने पहले ही स्पेशल वार्ड तैयार कर लिया था, ताकि चिकित्सक अगर उन्हें दाखिल कर लेते हैं तो इस दौरान किसी भी तरह की परेशानी पेश न आए। उधर, मुख्यमंत्री के अस्पताल में दाखिल होने के बाद आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। जिस वजह से वहां पर भारी भीड़ उमड़ी रही।