चंबा। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए दो माह तक ‘शून्य दुर्घटना दिवस की ओर’ अभियान चलाया जाएगा।
परिवहन निदेशक नीरज कुमार ने शुक्रवार को बचत भवन चंबा में सड़क सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र आईआईटी मद्रास और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल का शुभारंभ किया। नीरज कुमार ने कहा कि हादसों को कम करने के लिए आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। दुर्घटना संभावित सड़क खंडों की पहचान कर वहां सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पुलिस परिवहन लोक निर्माण और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि संबंधित विभागों के सहयोग से हादसों के संभावित स्थलों को चिह्नित कर जरूरी सुधार करवाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने यातायात नियमों का पालन करने और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई। अभियान के तहत दुर्घटनाओं के आंकड़ों और जमीनी साक्ष्यों का विश्लेषण कर कम लागत वाले तकनीकी सुधार किए जाएंगे। तीखे मोड़ों और सीमित दृश्यता वाले स्थानों के साथ आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। संवाद