वाहन की टक्कर से घायल युवक ने तोड़ा दम
युवक की टांडा में इलाज के दौरान हुई मौत
माणी के पास पेश आया था दर्दनाक हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा-मसरूंड मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल राहगीर की टांडा में मौत हो गई। वाहन चालक वाहन को लेकर वहां से फरार हो गया। उसे तलाश करने में पुलिस मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है। मृतक की पहचान ठाकुर सिंह (32) निवासी माणी के रूप में हुई है जो शुक्रवार को माणी के पास वाहन की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शनिवार को टांडा में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चंबा थाना से पुलिस टीम ने टांडा में शव का पोस्टमार्टम करवाया। उसके उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने इस मामले में परिजनों सहित स्थानीय लोगों के बयान कलमबद्ध किए हैं। अब पुलिस उस वाहन की तलाश में जुट गई है जिसकी टक्कर से इस युवक की जान चली गई। युवक आउटसोर्स पर जिला रोजगार कार्यालय में कार्यरत था। उसकी कमाई से परिवार का भरण पोषण हो रहा था लेकिन इस घटना में उसकी जान जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन पुलिस विभाग से यही मांग कर रहे हैं कि उनके बेटे को मारने वाले वाहन की तलाश करके उस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए क्योंकि सड़क पर टक्कर मारने के उपरांत जहां घायल को अस्पताल पहुंचाना चाहिए था, वहां चालक वाहन लेकर मौके से ही फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द वाहन और उसके चालक को ढूंढ निकालेगी।