भरमौर (चंबा)। पंचायत गरोला के रैत गांव में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव की सुपुर्दगी दी। मृतक की पहचान अतुल उर्फ कुकी (26) निवासी गांव रैत के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि सोमवार दोपहर युवक को कमरे में अचेत अवस्था में देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम करवा परिजनों को शव की सुपुर्दगी दी गई। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर कुछ कारणों को लेकर चर्चाएं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। बताया जा रहा है कि अतुल ने कुछ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी गर्भवती है। परिवार नए सदस्य के स्वागत की तैयारी कर रहा था। ऐसे में युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। संवाद