बनीखेत/डलहौजी। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र के गांव देवसल निवासी 34 वर्षीय जीवन कुमार का पांव फिसलकर खाई में गिरने से मौत हो गई।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर इसे हादसा मानते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि जीवन कुमार 6 जुलाई को अपने माता-पिता और पत्नी के साथ भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए सेरी नड्डल गांव स्थित अपनी बहन पुष्पा देवी के घर आए थे। सात जुलाई को शादी की विदाई के बाद वह परिजनों के साथ घर पर मौजूद थे। शाम के समय पिता केहर सिंह ने उन्हें फोन किया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में बाहर निकले तो सड़क पर घिसटने के निशान दिखाई दिए। नीचे खाई में देखने पर एक चप्पल मिली और करीब 100 मीटर नीचे जीवन कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल डलहौजी ले गए लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सुपुर्दगी दी। मृतक के पिता और अन्य परिजनों ने किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। संवाद