होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली में जल विद्युत परियोजना में कार्यरत एक युवक की रावी में गिरने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार सुबह की है। मृतक की पहचान विशाल कुमार (20) पुत्र हेम सिंह गांव अड़ापा डाकघर भांदल तहसील सलूणी जिला चंबा के रूप में हुई। कंपनी में कार्यरत अन्य कर्मियों ने इस बात की जानकारी प्रबंधन को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। कयास लगाया जा रहा है कि रात को ड्यूटी के बाद विशाल मोबाइल पर बात करते-करते जा रहा था। ऐसे में अचानक उसका संतुलन बिगड़ने से वह अनियंत्रित होकर रावी में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक ठेकेदार के पास कार्य करता था। सुबह जब अन्य कर्मियों ने युवक की तलाश की तो युवक का शव रावी नदी में दिखा। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।