मिंजर मेला क्रिकेट ट्रॉफी में खपरा चौकी की टीम को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चौगान मैदान में खेली जा रही अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला क्रिकेट ट्रॉफी में यंग टाइटंस जम्मुहार ने खपरा चौकी को 15 रन से हराया। पवन कुमार की हैट्रिक ने मैच का रुख बदल दिया। खपरा चौकी की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। यंग टाइटंस जम्मुहार की टीम से कमल और दिनेश कुमार ने पारी की शुरुआत की। हालांकि नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे लेकिन दिनेश कुमार ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 31 गेंद में 43 रन की पारी खेलकर टीम को 98 रन के स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खपरा चौकी की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। अभि कुमार ने 19 गेंद में 26 रन बनाकर संघर्ष किया जबकि मोहित कुमार ने आठ गेंद में 15 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। टीम 12 ओवर में 83 रन पर सिमट गई। यंग टाइटंस जम्मुहार की जीत के नायक पवन कुमार रहे। उन्होंने मात्र 11 रन खर्च कर हैट्रिक सहित पांच विकेट चटकाए। पवन ने अपने एक ही ओवर में चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मैच का रुख पलट दिया। यंग टाइटंस जम्मुहार ने 15 रन से शानदार जीत दर्ज कर अंतरराष्ट्रीय मिंजर ट्रॉफी में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। मैच के दौरान चौगान मैदान में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बनता था और दर्शकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।