चंबा। चुराह क्षेत्र में युवक को अकेले घेरकर मारपीट करने संबंधी वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित युवक ने थाने में पहुंचकर छह लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। युवक ने दो लोगों राहुल खान और आमिर खान को पहचान लिया है।
अब चार शेष युवकों की अब शिनाख्त की जाएगी। पुलिस ने युवक का मेडिकल करवाकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चुराह में एक शादीशुदा महिला का आरोप है कि उपमंडल मुख्यालय भंजराड़ू से एक युवक उसका पीछा करता रहा। युवक ने उसके सामने अश्लील हरकतें भी कीं। किसी तरह युवक से बचकर फोन कर पति को इसकी जानकारी दी। बाद में युवक को बुलाकर पूछा तो वह मुकरने लगा। जब दुकान के सीसीटीवी की फुटेज दिखाई तो उसने अपनी गलती मान ली। शादीशुदा महिला मुस्लिम और युवक हिंदू समाज से बताया जा रहा है। पुलिस के पास मामला पहुंचने पर दोनों पक्षों में पूछताछ के बाद युवक ने माफी मांग ली। इस पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। बाद में युवक के साथ मारपीट करने वालों में शामिल एक ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसके बाद युवक ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवा दिया। छह में से दो युवकों की पहचान हो चुकी है। चार की शिनाख्त पुलिस युवक से करवाने के बाद कार्रवाई करेगी। उधर, डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद युवक ने पुन: शिकायत दी है। दो युवकों की पहचान हो गई है। शेष की शिनाख्त की जा रही है। बताया कि महिला ने पुन: शिकायत दी है। जिसके तहत क्रॉस मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी गई है।