सलूणी (चंबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर में लाखों की एक्सरे मशीन तो है, लेकिन क्षेत्र के हजारों लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
लोगों को मजबूरन 20 से 65 किलोमीटर दूर सिविल अस्पताल किहार या मेडिकल कॉलेज चंबा जाना पड़ रहा है। क्षेत्र की 10 पंचायतों की 18 हजार आबादी डियूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर करती है।स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे की सुविधा नहीं मिलने पर लोगों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त होने वाले एक्सरे के लिए 1000 से 1200 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों में राजीव कुमार, नरेश कुमार, प्रताप चंद और अशोक कुमार के मुताबिक आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ग्राम पंचायत डियूर, पिछला डियूर, डांड, लनोट, कंधवारा, खड़जौता, हिमगिरी, भड़ेला, आयल, बणंतर इत्यादि के बाशिंदे स्वास्थ्य लाभ के लिए निर्भर हैं। सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर में वर्ष 2017 में एक्सरे मशीन स्थापित करवाई। कुछ सालों बाद यहां स्थापित नई एक्सरे मशीन को दूसरी जगह ले जाया गया। उसकी जगह पुरानी मशीन लगा दी गई, लेकिन उससे एक भी एक्सरे नहीं हो पाया है। हर बार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रेडियोग्राफर का पद रिक्त होने का तर्क देकर पल्लू झाड़ लेते हैं। राजनेताओं से भी इस बाबत कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उधर, बीएमओ किहार सचिन ने बताया कि रेडियोग्राफर का पद रिक्त होने से एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। रेडियोग्राफर का पद भरने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है।