चंबा एनएचपीसी गेट के पास अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते कर्मचारी।
चंबा। चमेरा वर्कर्स यूनियन-दो और तीन के कामगारों ने श्रम कानून में किए जा रहे बदलाव को लेकर गेट मीटिंग के माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया। चमेरा दो परिसर में सीटू महासचिव सुदेश ठाकुर और जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में श्रम कानून के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सभी कामगारों ने यह प्रण लिया कि सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध सभी साइटों पर जनसभाओं को संबोधित कर किया जाएगा। सरकार को यह जता दिया जाएगा कि श्रम कानून में कोई छेड़छाड़ या बदलाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर श्रम कानून में बदलाव नही किया तो सरकार का विरोध किया जाएगा चाहे उसके लिए उन्हें सड़कों पर ही क्यों न उतरना पड़े। इसके संबंध में नौ जुलाई को देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। सरकार की मजदूर, गरीब और किसान के खिलाफ जो भी नीति होगी, हम उसकी निंदा करते हैं। गेट मीटिंग के दौरान अध्यक्ष अयूब खान, विनोद कुमार, दिलीप सिंह, संजय सहित अन्य कामगार मौजूद रहे।