चंबा। चंबा-साहो मार्ग पर मच्छरियाली माता मंदिर के पास खड्ड में गिरने से महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान नेहा (20) पत्नी अमन निवासी लुडेरा के रूप में हुई है। नेहा सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे मच्छरियाली माता मंदिर के पास जा रही थी। इस दौरान अचानक उसका पांव फिसला और अनियंत्रित होकर वह साल खड्ड में जा गिरी।
महिला को खड्ड में गिरता देखकर आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद महिला को खड्ड से निकाला गया। इससे पहले कि उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जाता, घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है।