खज्जियार (चंबा)। ग्राम पंचायत खज्जियार के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला लिंडीबेई में स्थायी शिक्षक नहीं है। इसके चलते विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल में 40 विद्यार्थियों की पढ़ाई डेपुटेशन के सहारे चल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इसके बारे में कई बार सरकार और विभाग से मांग कर चुुके हैं लेकिन आज दिन तक शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई। इससे अभिभावकों में भी काफी रोष है।
जानकारी के मुताबिक स्कूल में तैनात स्थायी अध्यापक का कुछ समय पहले निधन हो चुका है। ऐसे में अब विभाग की ओर से स्कूल को डेपुटेशन के सहारे चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायत खज्जियार के उपप्रधान अमर चंद, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार और अभिभावक सतपाल, सनी, विपिन कुमार, राकेश कुमार, बिट्टू, सुनील कुमार, सुखदेव, अशोक कुमार आदि का कहना है कि स्कूल में नियमित शिक्षक न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वर्तमान में तैनात शिक्षक को दूसरे स्कूल में भी पढ़ाना पढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द अध्यापक की तैनाती की जाए अन्यथा उन्हें मजबूरन उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा सुरेश शर्मा का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। इसके बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।