संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। पुखरी पंचायत के कंडा गांव के ग्रामीणों को अब क्षतिग्रस्त रास्ते से आवाजाही नहीं करनी पड़ेगी। ग्रामीणों को आवाजाही में हो रही दिक्कत को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला में खबर प्रकाशित की गई। उसके बाद पंचायत प्रबंधन ने हरकत में आकर भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए रास्ते की मरम्मत का कार्य आरंभ करवा दिया है। गांव के रास्ते का निर्माण कार्य आरंभ होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने अमर उजाला प्रबंधन और पंचायत प्रबंधन का आभार जताया है।
गौरतलब है कि पुखरी पंचायत के कंडा गांव को जाने वाला मार्ग भारी बारिश के कारण दो वर्ष पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। रास्ते के पुन:निर्माण के लिए एक साल पहले दो लाख की धनराशि स्वीकृत हुई। लेकिन पंचायत की ओर से रास्ते का निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाया जा रहा था। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को होती थी। समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से मिले लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। उसके बाद समाचार प्रकाशित होने पर पंचायत प्रबंधन ने हरकत में आते हुए क्षतिग्रस्त रास्ते का निर्माण कार्य आरंभ करवाकर लोगों को राहत प्रदान की। स्थानीय निवासी सतीश कुमार, अनिल कुमार, इच्छा राम, मुकेश कुमार और बिट्टू कुमार ने बताया कि गांव के रास्ते का निर्माण कार्य आरंभ होने से लोगों को अब राहत मिलेगी। पुखरी पंचायत की प्रधान बीना देवी ने बताया कि कंडा गांव को जाने वाले रास्ते का मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया गया है।