चंबा। बिजली बिल की अदायगी न करने वाले 16 उपभोक्ताओं को अब अपनी लेटलतीफी का खामियाजा भुगतना होगा। विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय के तहत ऐसे उपभोक्ताओं के मामले अब राष्ट्रीय लोक अदालत को भेज दिए गए हैं। बिजली बिल की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं पर अब बोर्ड सख्त हो गया है। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से करीब 1,92, 840 रुपये की राशि बिजली बिल के रूप में वसूलनी है। ये उपभोक्ता इस राशि को जमा नहीं करवा रहे हैं।
उपभोक्ताओं को अब अदालत में पेश होना होगा। हालांकि, बोर्ड की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए लेकिन कभी भी इन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल की राशि को जमा नहीं करवाया। बहरहाल, अब बोर्ड ने सख्त कदम उठाया है। बोर्ड हर माह बिजली के बिल जारी करता है जिससे सभी उपभोक्ता हर माह अपना बिल आसानी से दे सकें लेकिन कुछ उपभोक्ता बिजली बिल देने में दिलचस्पी नहीं लेते हैं। बोर्ड उन्हें मोहलत भी देता है लेकिन बार-बार हिदायत देने के बावजूद जो उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन काटने का भी प्रावधान है।
बहरहाल बोर्ड ने अब बिजली बिल जमा न करवाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी की है। विद्युत बोर्ड उपमंडल चंबा द्वितीय के सहायक अभियंता अजय कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 16 उपभोक्ताओं की सूची भेजी गई है जहां उनकी पेशी होगी।