चंबा। नगर निकाय के चुनाव में अलग-अलग जुगलबंदी देखने को मिल रही है। नगर परिषद चंबा के चुनाव में जहां एक महिला उम्मीदवार अपने मायके से चुनाव लड़ रही हैं तो वहीं, दूसरी तरफ अब उसका पति उसे वोट नहीं दे पाएगा। अलग-अलग वार्ड होने के चलते ऐसा संयोग बना है। बहरहाल, सियासी गलियारों में यह चर्चा का विषय बन गया है। यही नहीं, एक वार्ड में जेठानी-देवरानी एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड पार्षद बनने के लिए अब रिश्तेदार भी आपस में एक-दूसरे को चुनौती देने लगे हैं। कुल मिलाकर अब नगर परिषद चंबा के चुनाव में इस बार अपने अपनों के ही खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि नगर परिषद चंबा के तहत अब नामांकन प्रक्रिया खत्म हो गई है। चुनाव चिह्न मिल जाने के बाद अब प्रचार अभियान शुरू हो गया है। मतदाताओं की नब्ज टटोलने के लिए सुबह आठ बजे से ही प्रत्याशी अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं और देर शाम घरों में पहुंच रहे हैं। प्रचंड धूप भी उनके कदम नहीं रोक पा रही है। बहरहाल, वार्ड पार्षद बनने के लिए उम्मीदवार दिन-रात एक करने में जुटे हैं। नगर परिषद चंबा के 11 वार्डाें में मतदान प्रक्रिया 17 मई को आयोजित की जाएगी। तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना शुरू की जाएगी। माना जा रहा है कि रात नौ बजे तक मतगणना को पूरा कर लिया जाएगा और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।