तीसा (चंबा)। चबा-तीसा मुख्य मार्ग पर मधुवाड़ के पास भूस्खलन से पांच घंटे तक मार्ग बाधित रहा। इसके चलते तीसा के तहत आती पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग बाधित होने से वाहनों की लंबे कतारें लग गईं। ऐसे में ग्रामीण जिला मुख्यालय नहीं पहुंच पाए। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह 8:00 बजे पहाड़ी से भूस्खलन होने से बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर गिर गईं। इसके चलते सड़क लोगों और वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हो गया।
तीसा से चंबा आने वाली कई बसें बीच रास्ते में फंस गईं। लोगों को देर तक जाम में रुकना पड़ा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय मशीनरी ने कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 1:00 बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया। चालकों का कहना है कि भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में सड़क बंद होने से उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क बाधित होने से लोग समय पर अपने गंतव्यों तक नहीं पहुंच पाते हैं। कहा कि रोजाना चंबा की ओर सनवाल, देहग्रां, झज्जाकोठी, थनेईकोठी, कुठेड़-बौदेड़ा, हरतवास, सेईकोठी, मंगली, जुनास, खुशनगरी, भंजराडू, डोरी, पधर, लेंसुवी, टिकरीगढ़, देहरोग समेत अन्य पंचायतों की आवाजाही रहती है। इसमें विशेषकर विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग होते हैं। चालकों मुकेश कुमार, विपिन कुमार, राजीव कुमार, हितेश कुमार, महिंद्र और प्रवेश कुमार ने विभाग से अपील की है कि वे हर समय व्यवस्था को बहाल करने को सचेत रहें। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेश राणा ने बताया कि पहाड़ी से चट्टानें गिरने पर मार्ग बाधित पड़ गया था लेकिन दोपहर 1:00 बजे सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।