चंबा। विस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि ग्राम पंचायत मेल और इसके आस-पास के क्षेत्रों के लिए पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर 4 करोड़ 43 लाख की राशि व्यय होगी।
वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कहा कि 2 करोड़ 24 लाख से बनने वाली उठाऊ सिंचाई योजना की जल्द निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। उठाऊ पेयजल योजना पर 2 करोड़ 24 लाख व्यय होंगे।
उन्होंने साधारण प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को और मेहनत करने की नसीहत दी। उन्होंने स्कूल के वार्षिक प्रतिवेदन पर हर्ष जताया और बोर्ड परीक्षाओं में और सुधार की आवश्यकता जताई। स्कूल के विद्यार्थियों ने इस दौरान आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। विधानसभा अध्यक्ष ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को 11 हजार तथा वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग को 15 हजार की धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।