बनीखेत चंबा। चोली पंचायत में डेढ़ साल बाद पानी की आपूर्ति बहाल हुई है। इससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है। पिछले डेढ़ साल से चोली पंचायत के तीन गांवों में पानी की सप्लाई बंद थी।
महिलाएं चार किमी दूर बर्तन सिर पर उठाकर प्राकृतिक जल स्रोत से पानी लाती रहीं। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद जलशक्ति विभाग ने हरकत में आकर गांवों के लिए पाइप बिछाकर पानी की किल्लत को दूर किया।
लोगों में तेज सिंह, अशोक कुमार, गोविंद कुमार, मोहन लाल और पूर्ण चंद ने कहा कि डेढ़ साल से गांवों में पानी की किल्लत थी। महिलाएं घर के अन्य कार्य के साथ पानी की ढोने के लिए भी दौड़ लगाती थीं। इससे परेशानी बढ़ चुकी थी। बार-बार जलशक्ति विभाग को अवगत करवाया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब विभाग ने तुरंत पाइप बिछाकर पानी की आपूर्ति बहाल की है। उधर, जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता आशीष ठाकुर ने कहाकि चोली गांव में पानी के पाइप बिछाकर पानी की आपूर्ति बहाल कर दी है।