चांजू में पानी से भरा घरेलू गैस सिलिंडर। संवाद
चुराह (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र की चांजू पंचायत के गुडुवा गांव में घरेलू गैस सिलिंडर से पानी निकलने का मामला सामने आया है। सिलिंडर रिफिल करवाकर घर लाया गया। इसके बाद इसे गैस चूल्हे से जोड़ने के बाद जलाने पर गैस नहीं जली।
इसके बाद प्रभावित परिवार के सदस्यों ने सिलिंडर को नुकीली चीज से चेक किया तो उससे पानी निकलने लगा। प्रभावितों ने इसकी शिकायत संबंधी गैस एजेंसी प्रबंधन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि चुराह क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडर से पानी निकलने का यह दूसरा मामला है।
उपमंडल चुराह की चांजू पंचायत के गुडुवा निवासी उपभोक्ता बसंती ने बताया कि वह घरेलू गैस सिलिंडर खत्म होने पर उसे रिफिल करवाने के लिए वे गैस एजेंसी पहुंचीं। यहां सिलिंडर रिफिल करवाकर घर लाया गया। यहां जब उसे चूल्हे से लगाया तो गैस नहीं जली। इसके बाद उन्होंने सिलिंडर का पिन से दबाया तो उसमें से पानी निकला। सिलिंडर पानी से भरा हुआ था। कहा कि घरेलू गैस सिलिंडर एक दिन भी नहीं चल पाया। कहा कि गैस सिलिंडर की रिफिलिंग में छेड़छाड़ करना गंभीर मामला है। कहा कि गैस एजेंसी प्रबंधन को भी सिलिंडरों से छेड़छाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने पानी से भरे सिलिंडर की एवज में उन्हें नया सिलिंडर देने की मांग उठाई है। उपमंडलाधिकारी नागरिक चुराह जोगिंदर पटियाल ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। गैस एजेंसी प्रबंधन से इस बारे में जवाब तलब किया जाएगा।
तीसा स्थित गैस एजेंसी के प्रभारी कर्म सिंह ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। कहा कि प्लांट से आने वाले सिलिंडर आगे उपभोक्ताओं को आवंटित करवा दिए जाते हैं। कहा कि प्रभावित सिलिंडर उनके पास लेकर आएं सिलिंडर चेक कर उसे रिफिल करवा दिया जाएगा।