चंबा। शहर के 11 वार्डाें के 150 उपभोक्ताओं ने पानी का बिल जमा नहीं करवाया है। डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची में सरकारी विभागों के साथ नगर परिषद का भी नाम शामिल है।
अब जल शक्ति विभाग ने इन उपभोक्ताओं के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। विभाग ने इन उपभोक्ताओं को डिफॉल्टर घोषित कर दिया है। अगर यह उपभोक्ता जल्द पानी का बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। डिफॉल्टरों की सूची जारी होने के बाद उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार डिफॉल्टरों की सूची में निजी उपभोक्ताओं शामिल हैं, सरकारी विभाग भी नियमित रूप से पानी का बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इनमें नगर परिषद, आवासीय कॉलोनी सहित अन्य बड़े निजी कारोबारियों के नाम भी इस सूची में शामिल हैं। बिल की राशि न आने से जल शक्ति विभाग की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लंबित राशि करीब 25 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। हैरानी की बात है कि जल शक्ति विभाग की ओर से पहले भी इस बारे में दिशा-निर्देश जारी किए हैं, मगर उपभोक्ताओं की ओर से पानी का बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। ऐसे में ज्यादा राशि फंसने पर अब जल शक्ति विभाग सख्त कार्रवाई करने में मूड में है। विभागीय अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अगर तय तिथि के तहत अगर उपभोक्ता पानी का बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। जल शक्ति विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद पानी के बिल के रूप में फंसी राशि को निकलवाना है।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि 150 उपभोक्ताओं को डिफॉल्टर घोषित किया गया है। कहा कि इन उपभोक्ताओं पानी का बिल वसूलना बाकी है। उन्होंने उपभोक्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे जल्द पानी का बिल जमा करवाएं। अन्यथा उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे।