नौ दिन नंगे पैर रहते हैं श्रीराम का किरदार निभाने वाले विनोद
जुराबें पहनकर ही जाते हैं ऑफिस, चुवाड़ी से 45 किमी दूर चंबा के निजी बैंक में करते हैं नाैकरी
पिता कृष्ण नरयाल भी 14 साल तक कर चुके हैं रामलीला में अभिनय, नवरात्रों में रहते थे नंगे पैर
पंकज सलारिया
चंबा। रायपुर के दोठ गांव में होने वाले राम लीला मंचन में भगवान श्रीराम का अभिनय करने वाले चुवाड़ी निवासी विनोद सिंह नरयाल नवरात्र के दौरान नौ दिन नंगे पांव ही रहते हैं। कार्यालय और बाइक इत्यादि से आवाजाही भी जुराबें पहनकर ही करते हैं। विनोद जिला मुख्यालय स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत हैं। चुवाड़ी के लिए रोजाना आवाजाही करते हैं। सुबह चुवाड़ी से चंबा का रुख करते हैं तो शाम ड्यूटी खत्म होने के बाद वे दोठ में चल रही श्री राम लीला मंचन में भगवान श्री राम का अभिनय करते हैं। विनोद की धर्म के प्रति इस आस्था की हर जगह प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार विनोद के पिता कृष्ण सिंह नरयाल भी 14 साल तक श्री राम लीला में अभिनय कर चुके हैं। उनके पिता भी नंगे पांव ही नवरात्रों के नौ दिन रहते थे। अब बेटा भी अपनी पिता के संस्कारों के अनुसार उनकी तरह ही भगवान श्री राम का अभिनय पूरी आस्था के साथ कर रहा है। विनोद पिछले चार साल से दोठ में होने वाली श्री राम लीला में मंचन कर रहे हैं। गौरतलब है कि चुवाड़ी की चंबा से दूरी करीब 45 किलोमीटर है। बाइक पर जुराबें पहनकर ही रोजाना आवाजाही करते हैं और नौकरी के साथ श्री राम लीला मंचन में भी अपना किरदार निभा रहे हैं। विनोद सिंह नरयाल का कहना है कि भगवान श्री राम 14 साल नंगे पांव वनवास में रहे थे। ऐसे में उनके किरदार निभाने के लिए वे महज नौ दिन ही नंगे पांव रहते हैं।