सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में संधि को जाने वाला मार्ग एक माह से बंद पड़ा है। अब ग्रामीणों ने इस मार्ग को बहाल करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलने का फैसला लिया है। विभाग को चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर विभाग ने मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू नहीं किया तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतर जाएंगे। इसके बाद जो भी परिस्थिति पैदा होगी उसकी जिम्मेदारी पूर्ण रूप से विभाग की होगी क्योंकि मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों प्रेम लाल, जगदीश कुमार, सुरेश कुमार, कश्मीरी और मनोज कुमार ने बताया कि एक माह पहले भारी बारिश के कारण सलूणी से संधि मार्ग बाधित हुआ था जो अभी तक बहाल नहीं हो पाया है। इसकी वजह से ग्रामीणों को आठ किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। बार-बार विभाग को अवगत करवाने के बावजूद मार्ग को बहाल नहीं किया गया है। इसको लेकर लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी है। उन्होंने जिला प्रशासन और विभाग से मांग की है कि मार्ग को शीघ्र बहाल करवाया जाए अन्यथा उन्हें संघर्ष का रास्ता अपनाना होगा। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि जल्द बंद मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू करवाया जाएगा।