टैक्सी से ग्रामसभा में पहुंचे ग्रामीण, नहीं मिले तकनीकी सहायक
कुरांह के ग्रामीणों ने लगाया आरोप
कहा, ग्राम रोजगार सेवक भी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत गागला में होने वाली ग्रामसभा में तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सेवक मौजूद नहीं पाए गए। यह आरोप ग्रामसभा में मौजूद ग्रामीणों ने लगाए हैं। स्थानीय लोगों उत्तम सिंह, सुनील कुमार, भूरि सिंह, मनु कुमार, विकास कुमार, रमेश चंद और भगत राम ने बताया कि वे टैक्सियों के माध्यम से ग्रामसभा में भाग लेने के लिए पहुंचे थे लेकिन यहां तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सेवक ग्रामसभा में मौजूद नहीं थे। वहीं, दूसरी तरफ पांच वार्डाें के सदस्य भी ग्रामसभा में नहीं पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा में विकास कार्याें को लेकर चर्चा होती है। इसके लिए तकनीकी सहायक का होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि ग्रामसभा में सभी की उपस्थिति होना बेहद जरूरी है। ग्राम पंचायत गागला के प्रधान लालू ने बताया कि ग्रामसभा का कोरम पूर्ण नहीं हो पाया। साथ ही खंड विकास कार्यालय में बैठक होने के कारण तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सेवक वहां गए थे। इसके अलावा दो वार्ड सदस्य ग्रामसभा में पहुंचे जबकि तीन नहीं आए।
खंड विकास अधिकारी मैहला बशीर खान का कहना है कि गागला में कोरम पूरा नहीं हो पाया है। समीक्षा बैठक में तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सेवक को बुलाया था।