चंबा। सदर विधानसभा क्षेत्र के उलियाणु, गुवाड़ी और तन्होटू गांवों के साथ लगते जंगल में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार दोपहर के समय जंगल में तेंदुए को घूमते देखा है।
संजय शर्मा, विजय कुमार, दिनेश कुमार, मनजीत कुमार, राजेश कुमार, अजय कुमार, अंकुर शर्मा, अश्वनी कुमार, टेक चंद और मंहिद्र कुमार ने बताया कि दिहाड़ीदार लोगों को काम के सिलसिले में गांव से बाहर जाना पड़ता है। वापस घर आते समय रात हो जाती है। ऐसे में इन लोगों को जंगल के रास्ते से होकर घर पहुंचना पड़ता है। तेंदुए की दस्तक से अब लोग दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि इस तेंदुए को पकड़कर गांव से दूर जंगल में छोड़ा जाए। संवाद
जगह-जगह खड़े दोपहिया वाहनों के कारण राहगीर परेशान
चंबा। पुराना बस अड्डा शिव मंदिर के पास जगह-जगह खड़े किए गए दोपहिया वाहनों से लोगों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। मिंजर मेले में खरीदारी करने के लिए काफी संख्या में लोग मुख्यालय पहुंच रहे हैं। लोग पार्किंग के अभाव में जगह-जगह वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस मैदान बारगाह को वाहनों को पार्क करने के लिए चिह्नित किया है। बावजूद इसके लोग भरमौर चौक से पुराना बस अड्डा के समीप शिव मंदिर तक दोपहिया वाहनों को पार्क कर रहे हैं। सिमरन, पूजा देवी, राकेश कुमार, दलजीत सिंह, रमेश कुमार, अशोक कुमार सीमा देवी, भावना देवी और अजय कुमार ने बताया कि जगह-जगह वाहन खड़ा होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लोगों के दोपहिया वाहनों को वहां से हटाकर प्रशासन की ओर से चिह्नित जगह पर खड़ा करने की हिदायत दी जाए। संवाद
मांग... तेजरफ्तार वाहन चालकों पर शिकंजा कसे पुलिस
चंबा। शहर के गली-मोहल्लाें में दोपहिया वाहन चालक सरपट बाइकें दौड़ा रहे हैं। इससे मोहल्लावासियों समेत आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लावासियों ने कहा कि गली-मोहल्लों में तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों की बाइकें जब्त कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने सीसीटीवी तो लगाए हैं, लेकिन गली-मोहल्लों में सरपट बाइकें दौड़ाने वालों पर नकेल नहीं कसी जा सकी है। पवन कुमार, अमर देव, रमन कुमार, रजनी देवी, आशा देवी, मनु कुमार, रंजीत कुमार और अमन ने बताया कि दोपहिया वाहन चालक तेज गति से चलते हैं। कहा कि भरमौर चौक से पुराना बस अड्डा, रंगमहल, सुराड़ा,चामुंडा माता मंदिर, आईटीआई मार्ग पर ऐसे बाइक सवार यातायात नियमों को ताक पर रखकर तेज गति से बाइकें दौड़ाते नजर आते हैं। उन्होंने एसपी से मांग की है कि ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जाए। संवाद
वाहन खड़ा होने से पानी पीने कूलर तक नहीं जा पा रहे लोग
चंबा। सिटी चौकी के पास पेयजल के कूलर के बाहर वाहन खड़ा होने से लोग पानी नहीं पी पा रहे हैं। कूलर तक पहुंचने का रास्ता बंद हो जाता है। लोगों में अंजली देवी, अंजना ठाकुर, दलीप कुमार, अमित कुमार, रेखा देवी, मदन ठाकुर, देश राज, रोहन सिंह और ललित कुमार ने बताया कि सिटी चौकी के पास स्थापित कूलर के बाहर वाहन पार्क होने से रास्ता बंद हो चुका है। ऐसे में लोगों को पानी पीने के लिए कूलर तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने सीटी पुलिस चौकी प्रभारी से मांग की है कि कूलर के सामने खड़े किए गए वाहनों को वहां से हटवाया जाए। संवाद