चंबा। जिला में सरकारी धन का दुरुपयोग करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों पर शिकंजा कसा जाएगा। विकासात्मक कार्यों की गुणवत्ता पर विभाग की नजर रहेगी। यह बात जिला पंचायत अधिकारी चंबा रमेश चंद कपूर ने ज्वाइनिंग के बाद कही। उन्होंने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि ऐस्पिरेशनल जिला चंबा में विकास को रफ्तार देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जिला की पंचायतों में विकास कार्यों की जांच परख के लिए निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही विभागीय स्टाफ को विकास कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने बारे आदेश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चंबा में लंबित पड़े कार्यों को जल्द शुरू करवाने की भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी रमेश चंद कपूर चंबा में बतौर जिला पंचायत अधिकारी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पहले वे हमीरपुर में तैनात थे, जहां से उनका तबादला चंबा के लिए हुआ है।