चार पेयजल योजनाएं प्रभावित, जिले में रात को हुई बारिश से पटरी से उतरीं व्यवस्थाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में देर रात को हुई बारिश के बाद जनजीवन एक बार फिर प्रभावित हो गया। कई क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर असर पड़ा है।
जिला प्रशासन और संबंधित विभाग हालात सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार बारिश के कारण बाधित मार्गों में से 16 सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया है जबकि 19 मार्गों को खोलने का कार्य अभी भी जारी है। सड़क बहाली के लिए विभाग की मशीनरी और कर्मचारी लगातार जुटे हैं। वहीं, जल शक्ति विभाग की चार पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं जिससे कुछ इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है। सबसे अधिक प्रभावित भटियात उपमंडल है जहां 18 में से 10 सड़कें अभी भी बंद हैं। सलूणी में 9 में से 4, भरमौर में 7 में से 4 तथा डलहौजी उपमंडल में 1 सड़क बंद है। चंबा, तीसा और पांगी उपमंडलों में सभी सड़कें सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।