चंबा मेडिकल कॉलेज में ऑनलाइन ई संजीवनी पोर्टल के माध्यम से अपनी ओपीडी से मरीजों को परामर्श देता म
- फोटो : Chamba
चंबा। दिन सोमवार, स्थान पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा, ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को ओपीडी में बैठे चिकित्सक ऑनलाइन इलाज के लिए परामर्श दे रहे हैं। समय सुबह 11:00 बजे मनोचिकित्सक ओपीडी विशेषज्ञ डॉक्टर नीरज शर्मा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे बेचैनी और मानसिक तनाव के मरीजों के इलाज को लेकर संबंधित चिकित्सक को जरूरी परामर्श दे रहे हैं।
साथ ही मरीजों से स्वयं बात कर उन्हें मानसिक तनाव से निकलने के लिए सुझाव भी दे रहे हैं। चिकित्सकों को मरीजों के इलाज में दी जाने वाली दवाई भी बता रहे हैं। पीएचसी के चिकित्सक उनकी दवाई को मरीज की पर्ची पर लिख रहे हैं।
सुबह 11:30 बजे बाल रोग ओपीडी में चिकित्सक बीमार बच्चों के इलाज के साथ ई संजीवनी पोर्टल पर आने वाली रिक्वेस्ट को देख रहे हैं। जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से सात बच्चों के इलाज को लेकर बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श मांगा जा रहा है। इसमें विशेषज्ञ सबसे पहले चिकित्सक से बच्चे की बीमारी को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। बच्चे की पूर बीमारी की जांच पड़ताल करने के बाद पीएचसी के चिकित्सक को पर्ची पर दवाई लिखने का परामर्श दिया।
समय 11:45 बजे त्वचा रोग की ओपीडी में विशेषज्ञ ई संजीवनी पोर्टल से जुड़कर दूरदराज के मरीजों को त्वचा संबंधी बीमारी के इलाज को लेकर परामर्श दे रहे हैं। कुछ ही देर में विशेषज्ञ ने सात त्वचा रोगियों को उनके इलाज के संबंध में दवाई के साथ अन्य परामर्श दिया। दोपहर 12:00 बजे महिला रोग ओपीडी में विशेषज्ञ ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न बीमारी से पीड़ित महिलाओं को इलाज के संबंध में परामर्श दे रहे हैं। गर्भवतियों को उनके बेहतर स्वास्थ्य और पेट में पल रहे बच्चे की सेहत को लेकर भी जरूरी परामर्श दे रहे हैं।
-पहले सप्ताह में एक विशेषज्ञ ऑनलाइन परामर्श देता था, लेकिन अब मेडिकल कॉलेज के सभी विशेषज्ञ ऑनलाइन मरीजों के इलाज में अपना परामर्श दे रहे हैं। -प्रोग्राम के नोडल अधिकारी डॉक्टर आदित्य कश्यप
-ई संजीवनी पोर्टल पर बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए सभी ओपीडी को इस पोर्टल से जोड़ा गया है। रोजाना विभिन्न बीमारी के विशेषज्ञ ऑनलाइन दूरदराज के क्षेत्र में रहने वाले मरीजों को उनके इलाज में परामर्श दे रहे हैं।- डॉक्टर पंकज गुप्ता, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य