बनीखेत (चंबा)। जिले में चिट्टा की अवैध तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि पुलिस की टीमें आए दिन चिट्टा के साथ आरोपियों को दबोच रही हैं। इतना ही नहीं पुलिस ने एक मास्टर माइंड को भी गिरफ्तार किया है।
बावजूद इसके चिट्टा की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम ने गश्त के दौरान होशियारपुर निवासी प्रभ सिंह और हरजीत सिंह को 81.2 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़ा जो चिट्टा लेकर बनीखेत पहुंचे थे। जब पुलिस की टीम बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी तो उनकी नजर उन पर पड़ी। इनकी हरकतें देखते हुए उन्हें शक हुआ। शक के आधार पर जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास पुलिस को 81.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया और दोनों के खिलाफ डलहौजी थाने में मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।