बनीखेत (चंबा)। पठानकोट-चंबा एनएच पर गोली के पास नाले में बाढ़ आने से वाहनों की आवाजाही थम गई। मणिमहेश जा रहे यात्रियों को पार करवाने के लिए स्थानीय लोगों ने सड़क के बीच लोहे की सीढ़ी रखी। इसके ऊपर से दोपहिया वाहनों को एक किनारे से दूसरे किनारे पहुंचाया गया। हालांकि चौपहिया वाहन सड़क में बह रहे पानी के बीच होकर निकल गए, लेकिन वहां पर दोपहिया वाहन पानी के तेज बहाव को पार नहीं कर पा रहे थे। इसकी वजह से वहां इन वाहनों की लंबी कतार खड़ी हो गई। कुछ श्रद्धालु रिस्क उठाकर पानी के बीच से अपने वाहनों को गुजारने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें ऐसा करने से रोक लिया। इसके बाद लोहे की सीढ़ी रखकर अस्थायी व्यवस्था बनाई। दोपहिया वाहनों को दोनों तरफ से पकड़कर उफनता नाला पारा करवाया गया।