डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने की दिशा में दो शिक्षण संस्थानों ने सराहनीय योगदान दिया है। गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी और डलहौजी पब्लिक स्कूल ने स्थानीय पुलिस प्रशासन को ट्रैफिक कोण और बैरिकेड्स भेंट किए हैं, जिनका उपयोग अब शहर में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने इन संसाधनों को शहर के प्रमुख चौकों और संवेदनशील स्थानों पर स्थापित करना शुरू दिया है। इससे ट्रैफिक की आवाजाही अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो सकेगी। विशेषकर पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ने वाली वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में ये उपकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। डलहौजी के डीएसपी मयंक शर्मा ने इस सराहनीय पहल के लिए गुरु नानक पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य नवदीप भंडारी और डलहौजी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. कैप्टन जीएस ढिल्लों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का इस प्रकार का सहयोग पुलिस प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे शहर में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलती है।