चंबा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए शहर में शनिवार को 12 सैंपल लिए। इनमें पनीर के दो सैंपल शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधी कौंडल की अगुवाई में विभागीय टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में भुवन चौहान और चेन लाल भी मौजूद रहे। विभागीय टीम ने जुलाहकड़ी और हरदासपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों से भी विभिन्न खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लिए। इनमें सरसों के तेल के दो, चावल के दो, मिल्क पाउडर के दो, दलिया का एक, बिस्किट के दो, सोया चंक्स का एक और राजमा चित्रा का एक नमूना शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार पनीर के नमूने विशेष रूप से इस संदेह के आधार पर लिए गए हैं कि कहीं इन्हें एनालॉग पनीर के रूप में तो नहीं बेचा जा रहा है। प्रयोगशाला जांच में यदि कोई नमूना निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो संबंधित विक्रेता या जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना उसकी प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पनीर के दो सैंपल समेत खाद्य पदार्थों के 12 नमूने लिए गए है, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।