करियां के पास रावी नदी में मिट्टी ठिकाने लगाता ट्रक: संवाद
चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते करियां में रावी नदी में अवैध रूप से मिट्टी फेंकने का क्रम बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना ट्रकों में भरकर मिट्टी करियां में ले जाकर रावी नदी में ठिकाने लगाई जा रही है।
इससे जहां रावी नदी का पानी दूषित हो रहा है। बरसात के दिनों में यह मिट्टी निचले क्षेत्रों में तबाही मचा सकती है। रावी नदी में बाढ़ आने पर यह मिट्टी नदी के पानी से मिलकर भारी तबाही का कारण बन सकती है। भड़यां कोठी पंचायत के लोग भी इस मिट्टी के कारण काफी परेशान हैं। जहां रावी नदी में यह मिट्टी फेंकी जा रही है, वहां से पंचायत को जाने वाली सड़क गुजरती है। ऐसे में सड़क पर भी मिट्टी गिर रही है। यह दो पहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। मिट्टी बारिश होने पर फिसलन पैदा कर देती है। इसके ऊपर से गुजरने वाले दो पहिया वाहन स्किड हो जाते हैं। इस समस्या के बारे में स्थानीय लोग जहां सोशल मीडिया में फोटो व वीडियो वायरल कर चुके हैं तो विभागीय अधिकारियों को भी इसके बारे में सूचना दे चुके हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में किसी भी विभाग ने कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। उधर, वन खंड अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि करियां में रावी नदी में मिट्टी फेंकने वाले माल वाहक वाहन का पहले भी चालान किया गया था। दोबारा से वहां वन रक्षक की डयूटी लगाकर ऐसे माल वाहक वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।