चंबा में बनीखेत पेट्रोल पंप के पास नाली में फंसे ट्रक के कारण लगा वाहनों का जाम।संवाद
- फोटो : चंबा में बनीखेत पेट्रोल पंप के पास नाली में फंसे ट्रक के कारण लगा वाहनों का जाम।संवाद
बनीखेत (चंबा)। भरमौर-पठानकोट उच्चमार्ग पर बनीखेत में पेट्रोल पंप के समीप हाईवे का आधा हिस्सा धंसने के कारण मालवाहक और बड़े वाहनों को गुजरते समय जोखिम उठाना पड़ रहा है। भूस्खलन के कारण और हाईवे का हिस्सा धंसने से सड़क का दायरा काफी सिकुड़ चुका है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे पठानकोट की ओर से बजरी लोड करके एक ट्रक चंबा की ओर जा रहा था। पेट्रोल पंप के समीप हाईवे के एक छोर पर बड़ी दरार आ चुकी है। ऐसे में चालक ने खतरे को भांपते हुए वाहन को हाईवे के भीतर की तरफ से गुजारने का प्रयास किया। कुछ ही दूरी के बाद ट्रक का टायर नाली की मिट्टी में धंस गया। देखते ही देखते हाईवे पर दोनों ओर से बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान छोटे वाहनों की आवाजाही हाईवे पर सुचारु रही। सूचना मिलने के बाद एसएचओ डलहौजी अनिल कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारु करवाकर लोगों को राहत प्रदान की। इसके बाद हाईवे प्रबंधन की जेसीबी से ट्रक को खींच कर बाहर निकालने की कोशिश की गई। खैर, पुलिस कर्मचारयों ने हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु करवाया।.बता दें कि मौसम विभाग की ओर से आगामी दो दिन तक बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। ऐसे में मूसलाधार बारिश में हाईवे का एक हिस्सा भूस्खलन की जद में आ सकता है। हाईवे पर रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। इतना ही नहीं पर्यटन सीजन के चलते रोजाना सैकड़ों लोग पर्यटन नगरी का रुख कर रहे हैं।
एनएच मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने बताया कि प्रबंधन की ओर से पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर भूस्खलनग्रस्त जगह के नीचे सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य आरंभ किया गया है। यह कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। उन्होंने चालकों से सावधानीपूर्वक हाईवे पर वाहन चलाने की अपील की है।