पहलगांव में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते पूर्व सैनिक।
चुवाड़ी (चंबा)। भूतपूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन पूर्ण सिंह थापा की अगुवाई में ककीरा के प्रांगण में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। कैप्टन पूर्ण सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने आज पूरी निष्ठा से शपथ ली कि अगर युद्ध होता है तो दुश्मनों के छक्के छुड़ाने के लिए एक बार फिर बॉर्डर की ओर रुख करेंगे। भूतपूर्व सैनिकों ने 1965 और 1971 में पाकिस्तान को बुरी तरह के हराया था। हाल ही में श्रीनगर के पहलगाम में आतंकियों ने निहत्था यात्रियों के धर्म पूछ कर गोली मारी। बताया कि 50 के करीब भूतपूर्व सैनिकों ने शपथ ग्रहण समारोह में बढ़चढ़-कर भाग लिया। शपथ ग्रहण से पहले सभी भूतपूर्व सैनिकों ने पहलगाम में मारे गए लोगों के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस मौके पर कैप्टन कृष्ण गुरुंग, कैप्टन कमल थापा, मेजर सतीश गुरुंग, मेजर विनोद आदि मौजूद रहे।