खज्जियार (चंबा)। वन्य प्राणी विभाग के तहत आती लक्कड़मंडी बस्ती के तीन मकानों की छतों पर देवदार का पेड़ गिर गया। गनीमत यह रही कि जिस समय पेड़ की चपेट में मकान आए उस दौरान उनके भीतर कोई भी मौजूद नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। यह घटना शनिवार सुबह 11:00 बजे की है। पेड़ गिरने से बख्शी राम, देवराज और स्वामी के मकानों की छतों को नुकसान पहुंचा है।
हालांकि इतना ही नहीं, बारिश का पानी भी अब मकानों के अंदर घुस गया है। घटना के तुंरत बाद प्रभावितों ने वन्य प्राणी विभाग को घटना के बारे में सूचित किया। सूचना मिलने के बाद वन्य प्राणी विभाग खज्जियार के रेंज ऑफिसर राजेश कुमार ने विभाग की टीम को मकानों की छतों पर गिरे पेड़ को काटने के निर्देश दिए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे उपमंडलाधिकारी नागरिक चुवाड़ी अनिल भारद्वाज ने प्रभावित परिवारों को 5-5 हजार की फौरी राहत और तिरपाल प्रदान कीं।