संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। परेल से कोहलड़ी तक 20 किलोमीटर सड़क की हालत खस्ता हो चुकी है। अधिकांश जगह सड़क के किनारे लगाए गए क्रैश बैरियर का नामोनिशान मिट चुका है। वहीं सड़क पर जगह-जगह बिछाई गई तारकोल पूरी तरह से उखड़ चुकी है।
इसके चलते सड़क से होकर गुजरने वाले चार पंचायतों उदयपुर, रिंडा, सिंग्गी और कोहलड़ी के बाशिंदों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खस्ता हालत को देखते हुए वाहन चालकों को यहां पर संभल कर ही चलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर जगह-जगह पर तीन सालों से क्रैश बैरियर टूटे हुए हैं। लेकिन लोक निर्माण विभाग इसकी सुध नहीं ले रहा है।
वाहन चालकों को हर समय सड़क पर हादसे का खतरा सताता रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार यहां वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं जिससे चालक घायल भी हो चुके हैं। बावजूद इसके विभाग मार्ग की सुध नहीं ले रहा है। स्थानीय ग्रामीणों में दिलीप कुमार, मदन लाल, पृथी चंद, अजय कुमार, प्रदीप कुमार और रवि कुमार ने बताया कि क्रैश बैरियर टूटे होने और तारकोल उखड़ी होने से हादसों का खतरा बना हुआ है। विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। कहा कि रोजाना मार्ग पर सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से सड़क की जल्द सुध लेने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मीत कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द क्रैश बैरियर लगाने समेत सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य शुरू करवाया जाएगा।