चंबा में बर्फबारी के बाद जोत मार्ग खुलने पर गुजरती परिवहन निगम की बस।संवाद
चंबा। चंबा-जोत मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
करीब दस दिन बाद यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुआ है। ऐसे में अब जिला से बाहर जाने के लिए लोगों को बनीखेत से होकर नहीं जाना पड़ेगा। शॉर्टकट मार्ग से वाया जोत वाहनों की आवाजाही रहेगी। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग बहाल होने के बाद एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें कहा गया है कि वाहन चालक सुबह और शाम के समय सावधानी बरतें। इस अवधि में फिसलन का खतरा रहता है।
गौरतलब है कि इसी माह भारी बर्फबारी हुई थी। इस कारण चंबा-जोत मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी। बर्फबारी के बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू किया। मार्ग पर फिसलन कम करने के लिए मिट्टी बिछाई। बहरहाल, अब मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खुल चुका है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेश राणा ने बताया कि मार्ग बहाल कर दिया गया है। कहा कि सुबह और शाम के वक्त एहतियात बरतें।