साल नाला के पास कियाणी-चकलू मार्ग को बहाल करने में जुटी जेसीबी मशीन।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। भारी बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। भरमौर-पठानकोट हाईवे परिहार के समीप बुधवार रात 11:30 बजे वाहनों के लिए बंद हो गया। एनएच को देर रात 1:30 डेढ़ बजे यातायात के लिए बहाल किया गया। बारिश से जिले में एनएच समेत 38 सड़कें, 39 ट्रांसफार्मर और 20 पेयजल योजनाएं ठप हो गईं। हालांकि, देरशाम तक 34 सड़कों और 38 ट्रांसफार्मरों को बहाल कर लोगों को राहत प्रदान की गई।
जनजातीय क्षेत्र भरमौर की 20 पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने के लिए दिनभर जलशक्ति विभाग के कर्मचारी जुटे रहे लेकिन देरशाम तक पेयजल योजनाएं सुचारु नहीं हो पाई थीं। पर्यटन स्थल डलहौजी के तहत आते 38 और उपमंडल चंबा में एक ट्रांसफार्मर बंद हो गया। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद विद्युत बोर्ड के कर्मी बंद पड़ी विद्युत सप्लाई को सुचारु करने में जुट गए। देरशाम तक एक ट्रांसफार्मर को छोड़कर शेष जगह पर विद्युत कर्मियों ने बिजली बहाल कर दी थी।
उपमंडल सलूणी के तहत तिलक राज पुत्र अमरू निवसी गाहल और खराती पुत्र चीमणू निवासी सरार के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की ओर से पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करवाई जा रही है।
उपायुक्त डीसी राणा ने कहा कि लोग बेवजह घरों से बाहर न निकलें।
स्कूल पर गिरे पत्थर, सुरक्षित जगह पहुंचाए बच्चे
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन बंदोखी से थलोगा सड़क पर भूस्खलन के साथ पत्थर गिरने से शिक्षा खंड सुंडला के तहत प्राथमिक पाठशाला बंदोखी की सुरक्षा दीवार और रसोईघर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि विद्यालय पर गिर रहे पत्थरों को देखकर अध्यापकों ने स्कूल आने वाले बच्चों को सुरक्षित जगह पर पहले ही पहुंचा दिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। स्कूल में गिरे पत्थरों के कारण तैनात अध्यापक सहित विद्यार्थी भी सहम गए हैं। स्कूल में पहली से पांचवीं तक 31 और प्री-प्राइमरी कक्षा में 9 विद्यार्थी शिक्षारत हैं। मुख्याध्यापक ने पत्र लिख कर खंड शिक्षा अधिकारी से स्कूल को दूसरी जगह पर चलाने की अनुमति मांगी है। भारी बारिश के कारण उपमंडल सलूणी में दो कच्चे मकान भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए।