चंबा। चंबा शहर की सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। मिंजर मेले के बाद लगे अस्थायी बाजार के चलते वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है।
पुराने बस स्टैंड, जुलाहकड़ी, मुख्य बाजार और हरदासपुरा में दिन में किसी भी समय ट्रैफिक जाम हो जाता है। इस वजह से वाहनों की गति पर ब्रेक लग रही है। हैरानी की बात है कि यातायात व्यवस्था सड़क पर बिगड़ती जा रही है और पुलिस विभाग का ट्रैफिक विंग कुछ नहीं कर रहा है। लोगों का कहना है कि जब कोई दो पहिया वाहन चालक हेलमेट न पहने तो उसका तुरंत चालान काट दिया जाता है, लेकिन सड़क पर ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान को लेकर कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वाहन चालकों में रमेश शर्मा, संजय कुमार, मनोज कुमार, अजय कुमार, चैन सिंह, योगराज और केवल ने बताया कि मिंजर मेले के दौरान इस बार ट्रैफिक जाम की समस्या सबसे अधिक देखने को मिली है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि सड़क पर यातायात पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी बढ़ाई जाए।