तीसा (चंबा)। चुराह क्षेत्र में मटर खरीदने के लिए व्यापारी किसानों के घर-द्वार पहुंच रहे हैं। व्यापारी किसानों से 85 से 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मटर की खरीद कर रहे हैं। फसल के अच्छे दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
क्षेत्र के कुछ किसान खेतों से मटर का तुड़ान कर बाहरी मंडियों में भी बेच रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार मटर के बेहतर दाम मिल रहे हैं। चुराह विधानसभा क्षेत्र के अधीन आते भराड़ा, देवीकोठी, टेपा, बैरागढ़, हिमगिरी, आयल, चांजू, चरड़ा, सनवाल, खजुआ, बौंदेड़ी, मंगली, झज्जाकोठी, जसौरगढ़ और दुद्रा आदि क्षेत्रों में मटर की बिजाई की जाती है। ऊपरी क्षेत्रों में अधिकतर किसान मटर की बिजाई करते हैं।
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत पधर के गांव भगसेरी में मटर का तुड़ान करते ग्रामीण आम देखे जा रहे हैं। ऊपरी क्षेत्रों में 20 जुलाई के बाद मटर बिजाई का कार्य शुरू हो जाता है। अब सितंबर के अंत तक मटर की फसल तुड़ान के लिए तैयार हो चुकी है। क्षेत्र में मटर तुड़ान का कार्य 10 नवंबर तक चलेगा। जगदीश चंद, अशोक कुमार, प्रकाश चंद, अंबिया राम और सुरेंद्र कुमार आदि किसानों ने बताया कि इस बार मटर की अच्छी पैदावार हुई है। किसानों की इसके दाम भी उम्दा मिल रहे हैं।
उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक कुलदीप धीमान ने बताया कि चुराह के ऊपरी क्षेत्रों में मटर की बेहतरीन फसल हुई है। वर्तमान में किसानों को बेहतरीन दाम मिल रहे हैं।