अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते उपायुक्त अपूर्व
चंबा। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बिना पंजीकरण के चल रहे ट्रैक्टरों को जब्त करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिन रास्तों का उपयोग अवैध खनन के लिए किया जा रहा है उन रास्तों को भी तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ाई से कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने सभी अधिकृत विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वयन स्थापित कर अवैध खनन पर प्रभावी निगरानी के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही अवैध खनन के मामलों में सामूहिक प्रयास की जरूरत पर बल देते हुए पुलिस विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खनन विभाग, पुलिस और वन विभाग के अलावा प्रशासनिक अधिकारी अवैध खनन को लेकर प्रभावी कदम उठाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, वन मंडल अधिकारी चंबा कृतज्ञ कुमार, एसडीएम चंबा अरुण शर्मा, पारस अग्रवाल, अनिल भारद्वाज और नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
छह महीनों में 11.71 लाख रुपये जुर्माना वसूला
महाप्रबंधक उद्योग एवं खनन अधिकारी चंद्रभूषण ने बताया कि विभाग द्वारा 298 चालान किए गए हैं और छह महीनों में 11.71 लाख रुपये की धनराशि जुर्माने के तौर पर वसूली गई है।