खज्जिया में बिना मास्क पहने पर्यटकों को हिदायत देता पुलिस कर्मचारी।
- फोटो : Chamba
खज्जियार(चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार क्रिसमस के मौके पर पर्यटकों से गुलजार हो गया। शुक्रवार को काफी संख्या में पर्यटक खज्जियार पहुंचे। इसके चलते स्थानीय कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई। क्रिसमस पर पुलिस टीम भी खज्जियार में मौजूद रही। बिना मास्क और हुड़दंग मचाने वालों पर नजर पैनी रही। कारोबारियों की मानें तो कोरोना महामारी के दौरान पहली बार खज्जियार में इतनी संख्या में सैलानी पहुंचे। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिन भी छुट्टियां हैं। ऐसे में दो दिन और पर्यटकों की भीड़ रह सकती है। इसके अलावा खज्जियार में नए साल के जश्न को लेकर भी होटल मालिकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। करीब 70 प्रतिशत होटलों की ऑनलाइन बुकिंग हो चुुकी है। ऐसे में नए साल के मौके पर भी खज्जियार में पर्यटक पहुंचेंगे। गौरतलब है कि इस बार कोरोना महामारी के कारण पर्यटन सीजन चौपट रहा। इस कारण कारोबारियों को काफी घाटा उठाना पड़ा। बहरहाल, अब साल के अंतिम दिन खज्जियार में रौनक लौटी है। एसएचओ थाना चंबा शकिनी कपूर ने बताया कि खज्जियार में पुलिस टीम सुबह ही पहुंच गई थी पूरी नजर रखी गई ताकि कोई हुड़दंग न मचाए।