पैराग्लाइडिंग वाली खबर से संबंधित फोटो। फाइल फोटो।
खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में सोमवार से पैराग्लाइडिंग शुरू होगी। जिला पर्यटन विभाग की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आदेशों के मुताबिक 15 सितंबर तक पैराग्लाइडिंग पर रोक थी।
16 सितंबर से पैराग्लाइडर आसमान में उड़ान भरते नजर आएंगे। हर साल बरसात के मौसम में करीब दो महीने तक पैराग्लाइडिंग पर रोक रहती है। प्रशासन और विभाग की ओर से पैराग्लाइडिंग पर प्रतिबंध लगाने का मकसद पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखना है, जिससे बरसात के मौसम में पैराग्लाइडिंग करते वक्त किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
खज्जियार में पैराग्लाइडिंग पर रोक लगने से पर्यटकों की आमद भी कम हो जाती है। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबार चौपट हो जाता है। अब बरसात खत्म होने के बाद पर्यटन सीजन की शुरुआत माना जा रहा है। पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पर्यटक खज्जियार की तरफ रुख करेंगे। इससे पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। गौरतलब है कि पर्यटन स्थल खज्जियार में दड़ोगा से जगदंबे मंदिर, दड़ोगा से लाहड़ा, लाहड़ा से दरोल तक पैराग्लाडिंग चिह्नित की गई है। यहां पैराग्लाइडिंग पायलट उड़ान भरते हैं। 16 सितंबर से दोबारा बरसात का मौसम खत्म होने के बाद पैराग्लाइडिंग शुरू हो रही है।
खज्जियार पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि 16 सितंबर से पैराग्लाइडिंग शुरू होगी। बरसात के मौसम में प्रशासन और विभाग की ओर से पैराग्लाइडिंग पर रोक लगाई जाती है।