तेलका (चंबा)। ग्राम पंचायत सियूला के गांव धनावल में शनिवार को मूसलाधार बारिश ने तीन परिवारों के कच्चे मकान जमींदोज कर दिए। व्यास देव और जनक राज दोनों बीपीएल परिवार से संबंध रखते हैं, उनके चार कमरों और एक हॉल वाला कच्चा मकान ढह गया। गांव के मुकेश कुमार का कच्चा मकान भी मूसलाधार बारिश में ढह गया। इस दौरान परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए आगे आकर मलबे के नीचे से दबा सामान बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई, लेकिन तीनों परिवारों को अपना आशियाना खोना पड़ा। मौजूदा समय में ये परिवार गांव में अन्य लोगों के घरों में पनाह लेने को मजबूर हैं। पंचायत के उप प्रधान संजय शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को यथासंभव सहायता करने का आश्वासन दिया। साथ प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को प्रशासन की तरफ से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।