पांगी के मुख्यालय किलाड़ में बर्फबारी के बाद का नजारा और वाहनों पर टिकी बर्फ की सफेद चादर।संवाद
- फोटो : Chamba
तीसा (चंबा)। कबायली क्षेत्र पांगी के किलाड़ मुख्यालय में तीन इंच और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आठ इंच तक बर्फबारी हुई है। जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी ने लोगों को घरों में कैद कर रख दिया है।
आलम यह है कि हुड़ान में छह इंच ताजा हिमपात के कारण बसों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ गई है। लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। इससे क्षेत्र के लोगों की मुश्किलों में काफी इजाफा हुआ है। बर्फबारी के कारण चंबा-किलाड़ वाया साच पास मार्ग वाहनों की आवाजही के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। बर्फबारी से क्षेत्र पूरी तरह शीतलहर की चपेट में आ चुका है।
किलाड़ मुख्यालय में तीन इंच और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आठ इंच तक बर्फबारी दर्ज क़ी गई है। ताजा बर्फबारी के बाद आस पास की पहाड़ी चोटियां पर बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। घाटी को मुख्यालय चंबा से जोड़ने वाला सबसे नजदीकी सड़क मार्ग साच पास भी बर्फ बारी के कारण बंद कर दिया गया है।