तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल में तीन दिवसीय महोत्सव का सोमवार को शुभारंभ हो गया। शुभारंभ पर छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न कला मंचों ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इसमें चुराही नाटी दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
महोत्सव के दौरान दर्शकों को भंजराडू कला मंच की स्टेज पर हिमाचल की संस्कृति समेत चुराही नाटी, पंजाबी गीत-संगीत और पहाड़ी नृत्य का तड़का देखने को मिलेगा। शुभारंभ के मौके पर जहां एक तरफ स्कूल के बच्चों ने अपनी कला की प्रस्तुति दी। तो वही राधा कृष्ण की रासलीला समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन भी किया। मंगलवार को तीन दिवसीय महोत्सव में दंगल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें देश भर के विभिन्न अखाड़ों समेत नामची पहलवान अपना बाहुबल दिखाते नजर आएंगे। बुधवार को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचल समेत पहाड़ी कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोहने का प्रयास करेंगे।