चामुंडा माता मंदिर में जातर मेले के दौरान उमड़ी भीड़।
चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते ऐतिहासिक चामुंडा माता मंदिर में दो दिवसीय जातर मेले का आगाज सोमवार को हुआ। इस मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर में दोपहर बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में लगी अस्थायी मार्केट में व्यंजन चखे। हर साल यह जातर मेला आयोजित किया जाता है। गौरतलब है कि बैरेवाली माता के चंबा आगमन पर यह मेला आयोजित होता है। दो दिवसीय जातर मेले के दौरान दो बहनें मां बैरेवाली और चामुंडा एक साथ रहती हैं। मेला दो बहनों के मिलन का साक्षी बनता है। मेले के दौरान चुराही नाटी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। नाटी में पारंपरिक वेशभूषा के साथ लोगों ने भाग लिया।