चांजू की जखला में शरारती तत्वों द्वारा जलाई गई बाइक।
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल के चांजू के जखला में वीरवार देर रात सड़क किनारे खड़ी बाइक जलाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की तो नया ही खुलासा हो गया। सामने आया कि दो दोस्तों ने पहले एकसाथ बैठकर शराब पी। इसके बाद एक ने दूसरे शराबी के घर में पहुंचकर ट्रंक तोड़कर पैसे चुरा लिए।
जब इसका पता दूसरे शराबी को चला तो उसने अपने दोस्त शराबी से पैसे मांगे। उसने पैसे देने से मना किया तो तैश में आकर उसने बाइक जला दी। दोनों शराबियों की बहसबाजी बढ़ने पर लोगों ने उनमें समझौता करवा कर पैसे लौटने की बात कही।
पीड़ित ने बताया कि रोजमर्रा की तरह वह वीरवार को अपनी बाइक को सड़क किनारे पार्क कर घर के लिए चला गया। करीब मध्यरात्रि शरारती तत्वों ने उसकी बाइक को जला दिया गया। सुबह उसने बाइक को जला देखा तो वह सन्न रह गया। पीड़ित ने बताया कि क्षेत्र में शरारती तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है। यदि ऐसा चलता रहा तो लोगों के सड़क किनारे पार्क वाहन सुरक्षित नहीं रहेंगे। उसने पुलिस से बाइक जलाने वाले पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, जांच के लिए पहुंची टीम के समक्ष नया ही खुलासा हो गया। बताया जा रहा है कि बाइक का मालिक बताने वाले ने अपने दोस्त के साथ बैठ की शराब की और उसके घर में ही पैसे चुरा लिए। इसकी भनक लगते ही उसके दोस्त ने चुराए पैसे लौटाने की बात कही, लेकिन दोनों में बहस हो गई। इसके बीच उसने बाइक जला दी। खैर, मामला बढ़ने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुुंचकर दोनाें को शांत करवा कर उससे चुराए पैसे जल्द लौटाने की बात कही है। दोनों में समझौता होने के बाद पुलिस में मामला दर्ज नहीं हो पाया है। उधर, एसएचओ तीसा अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस के पास शिकायत पहुंची थी। जांच करने पर दोनों में आपसी विवाद निकला। ग्रामीणों ने समझौता करवा दिया था। ऐसे मेंपुलिस में मामला दर्ज नहीं हो पाया है।