डलहौजी (चंबा)। पर्यटन स्थल डलहौजी के तहत 12,000 की आबादी को गर्मियों के दिनों में पेयजल संकट से नहीं जूझना पड़ेगा। 65 करोड़ की लागत से नई उठाऊ पेयजल योजना के तहत क्षेत्र के लोगों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। जलशक्ति विभाग ने पर्यटकों और लोगों की ज्वलंत समस्या को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर पेयजल आपूर्ति के संकट का निदान करने के लिए योजना निर्माण संबंधी प्रस्ताव तैयार करवाकर स्वीकृति के लिए भेजा जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब युद्धस्तर पर कार्य आरंभ हो चुका है। लिहाजा, आगामी कुछ महीनों में लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ मिल जाएगा।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश सरकार लगातार स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए बचनबद्ध है। यही कारण है की पर्यटन नगरी डलहौजी में 65 करोड़ की लागत से नई उठाऊ पेयजल योजना का कार्य तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। वर्तमान समय में आधे से अधिक का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस योजना के तहत पर्यटन नगरी डलहौजी की 12,000 की आबादी को लाभ मिलने वाला है। अक्सर गर्मियों के मौसम में पर्यटन नगरी में पानी की किल्लत हो जाती थी। इसके चलते प्रदेश सरकार के सहयोग से यहां के लिए उठाऊ पेयजल योजना स्वीकृत हुई थी। जलशक्ति विभाग की ओर से चमेरा बांध से पानी उठाकर डलहौजी तक पहुंचाया जाएगा। पर्यटन सीजन से पहले पेयजल योजना को तैयार करने का दावा किया जा रहा है जिससे स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। जलशक्ति विभाग लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने के लिए बचनबद्ध है। जलशक्ति मंडल डलहौजी के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर का कहना है कि उठाऊ पेयजल योजना का कार्य शुरू कर दिया गया है। अभी तक 55 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। पर्यटन सीजन तक इस कार्य को पूरा कर दिया जाएगा।